धामपुर में एंटी रोमियो स्क्वॉयड ने नगीना मार्ग से एक युवक-युवती को पकड़ लिया। कोतवाली में युवक-युवती के हंगामा करने के बाद दोनों को परिजनों को सौंप दिया गया है।
रविवार को नगीना मार्ग पर साथ पढ़ने वाले छात्र-छात्रा बस के इंतजार में खड़े थे। इसी दौरान एंटी रोमियो स्कवॉयड गाड़ी में सवार पुलिसकर्मी दोनों को जबरन कोतवाली ले आए। दोनों शुरू से ही एक-दूसरे को सहपाठी बताते हुए छोड़ने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन खाकी के रौब में पुलिस ने एक न सुनी। कोतवाली में आते ही युवक-युवती ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
दोनों का कहना था कि पुलिस बेवजह उनकी बदनामी करने पर उतारू है। दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। एक कालेज में साथ पढ़ते भी हैं। उन्हें खुलेआम कोतवाली में लाकर बेइज्जत किया जा रहा है।
छात्र और छात्रा ने एसपी से वर्दी का रौब दिखाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रा का कहना है कि पुलिस को एक साथ घूमने वाले युवक-युवतियों को प्रताड़ित करने की कोई छूट नहीं है। एक साथ घूमने वाले भाई-बहन या सहपाठी हो सकते हैं। उधर, कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि दोनों को उनके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।