धर्म परिवर्तन की धमकी के बाद दो पर मुकदमा
शेरकोट। दलित युवक से मारपीट और जाति सूचक शब्द कहने के मामले में पुलिस ने धर्म परिवर्तन की धमकी के बाद आरोपियों के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोहल्ला समना सराय निवासी रणजीत सिंह अपने दोस्त सुमित के साथ एक सप्ताह पहले रात में अस्पताल से बाइक पर घर आ रहा था। टेंपो स्टैंड के निकट मोहल्ला वीरथला निवासी अंशुल रस्तोगी और समना सराय निवासी परीक्षित त्यागी उर्फ बंटी ने उसे घेर लिया। आरोपी बाइक रोककर दोनों से गाली गलौच करने लगे। विरोध करने पर जाति सूचक शब्द कहते हुए मारपीट करने लगे। आरोपी सुमित के सिर में लाठी डंडों से हमला कर फरार हो गए। मामला हिंदू संगठनों के नेताओं का जुड़ा होने के चलते पुलिस कार्रवाई से पल्ला झाड़ रही थी।
कार्रवाई न होते देख पांच दिन पहले रणजीत ने मस्जिद पहुंचकर धर्म परिवर्तन की धमकी दे डाली थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस पीड़ित रणजीत की शिकायत पर आरोपी अंशुल रस्तौगी, परीक्षित त्यागी के खिलाफ मारपीट, एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा कायम किया है। उधर, सीओ इंद्रजीत सिंह का कहना है कि मुकदमा कायम कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई होगी।