नजीबाबाद। बिलाल ट्रेडिंग कंपनी के कर्मचारी के बैग से स्टेट बैंक में 3.94 लाख रुपये का कैश किसी ने चोरी कर लिया। भारी भीड़ के चलते जैसे ही कर्मचारी कैश काउंटर पर पहुंचा, तो उसे बैग से नगदी गायब मिली। बैग में मात्र 63 हजार रुपये ही शेष बचे थे।
बिलाल मोबाइल प्रतिष्ठान से जुड़ी बिलाल ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी मिथुन स्टेट बैंक की सांध्यकालीन शाखा में कंपनी की करीब 4.57 लाख रुपये की नगदी जमा कराने गया था। मिथुन ने 100 और उससे छोटे नोट नीचे रखे थे। बैग के ऊपरी भाग में 500 और 2000 रुपये के नोट रखे थे। जैसे ही मिथुन ने कैशियर को कैश देने के लिए बैग खोला, उसमें से 2000 और 500 रुपये के नोटों की 3.94 लाख रुपये की नगदी गायब थी। बैंक मैनेजर बाबूराम और ट्रेडिंग कंपनी के स्वामी मोहम्मद आरिफ को लाखों का कैश निकलने की सूचना दी गई।
मिथुन ने बताया कि जिस समय वह कैश जमा करने पहुंचा था, काउंटर पर भारी भीड़ थी। तभी किसी ने बैग की चेन खोलकर उसकी नगदी साफ कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एसबीआई शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। काउंटर के भीतर कैशियर और काउंटर के बाहर मिथुन खड़ा दिखाई दे रहा है। काउंटर के बाहर की भीड़ किसी कैमरे में कैद नहीं हो पाई, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।