नगीना। गांव भूरापुर में मामूली बात को लेकर हुई एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार किया है। उनसे हत्या में प्रयुक्त एक लाठी और एक डंडा बरामद किया है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि 22 अगस्त की शाम करीब सात बजे गांव भूरापुर में गौरव कुमार के घर में घुस कर गांव के ही पुखराज, मनोज, काले, कपिल, मामराज ने लाठी डंडों से पीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसकी मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उसके पिता जय प्रकाश की तहरीर पर 24 अगस्त को पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में पुखराज और मनोज को गांव भूरापुर स्थित बस स्टैंड पर सुबह साढे़ आठ बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर पुखराज के घर से हत्या में प्रयुक्त लाठी और एक डंडा बरामद किया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शेष नामजदों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।