अमरोहा। बदमाशों को तीन लाख की रंगदारी नहीं देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी मिलने से किसान का परिवार दहशत में हैं। बदमाशों ने सात दिन में दो पर्चे खेत में डालकर किसान से तीन लाख की रंगदारी मांगी है। रंगदारी नहीं देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। दहशतजदा किसान ने इकलौते बेटे को स्कूल जाने से रोक दिया है। जबकि खुद को भी घर में कैद कर लिया है।
नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी किसान मंजूर हसन का परिवार रहता है। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटी और इकलौता बेटा मुकम्मील है। मुकम्मील एक निजी स्कूल में कक्षा दस का छात्र है। पिछले सात दिन से किसान मंजूर हसन के घर और खेत पर दो पर्चे डालकर बदमाशों ने तीन लाख की रुपये की रंगदारी मांगी है। रकम नहीं देने पर किसान और उसके इकलौते बेटे को गोली मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर किसान का परिवार दहशत में है। डर का आलम यह है कि किसान का पूरा परिवार घर में कैद हो गया है। इकलौते बेटे मुकम्मील को स्कूल भेजना बंद करा दिया है। किसान मंजूर हसन ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस घर तक नहीं पहुंची और न ही अभी तक कोई कार्रवाई की है।