बिजनौर। गांव सिकरौंधा में जमीन की रंजिश को लेकर दो दोस्तों में झगड़ा हो गया। सिर में चोट लगने से एक की मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव सिकरौंधा निवासी पूनम ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उसका पति नरेश (40) और खानचंद दोस्त थे। दोनों समीपवर्ती गांव गांगू नंगला के एक ईंट भट्टे पर ईंट पाथने का काम करते थे। नरेश ने खानचंद के रिश्ते के भाई की कुछ जमीन खरीद ली थी। इससे खानचंद कई दिनों से नाराज चल रहा था। वह जमीन खानचंद स्वयं लेना चाहता था, लेकिन उसके भाई ने उसे जमीन नहीं दी थी। आरोप है कि तभी से खानचंद नरेश से रंजिश रखने लगा था। मंगलवार की शाम खानचंद ने नरेश को अपने घर पर बुलवा था। जहां दोनों ने जमकर शराब पी। इसी दौरान जमीन को लेकर दोनों में कुछ कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई हो गई। सिर में चोट लगने से नरेश गंभीर घायल हो गया। देर शाम तक घर न पहुंचने पर उसका पुत्र हिमांशु तलाश करते हुए खानचंद के घर के पास पहुंचा तो नरेश गंभीर हालत में रास्ते में पड़ा हुआ था। परिजनों ने गंभीर अवस्था में नरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पूनम की तहरीर पर आरोपी खानचंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।