नगीना-नहटौर मार्ग पर फोर लेन के लिए बनाए जा रहे ओवर ब्रिज पर सरिये का जाल बांध रहा एक युवक अचानक अनियंत्रित होकर ओवर ब्रिज से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार प्राइवेट चिकित्सक से कराने के बाद परिजन युवक को घर ले गए।
मंगलवार की सुबह लगभग नौ बजे नगीना-नहटौर मार्ग पर गांव हसन अली के पास बन रहे ओवर ब्रिज पर नगीना थाना क्षेत्र के गांव धरमू वाला निवासी प्रमोद कुमार 26 वर्ष ओवर ब्रिज पर लिंटर डालने के लिए सरिए का जाल बांध रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया। युवक अनियंत्रित होकर ओवर ब्रिज से करीब 20 फुट नीचे गिर गया। वहां मौजूद उसके अन्य साथियों ने शोर मचा दिया।
युवक को उसके साथी नगीना बढ़ापुर मार्ग स्थित एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गए। सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी चिकित्सक के यहां पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन युवक को अपने साथ घर ले गए। युवक के सिर व पैर में चोट लगी है।