नगीना। पुलिस ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस और हैदराबाद की टीम पर सट्टा लगाने वाले 10 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। सट्टा लगाने वालों के पास से एक एलईडी, एक सैट ऑफ बॉक्स मय लीड रिमोट, एक एडॉप्टर, तीन रजिस्टर, 13 मोबाइल फोन समेत एक लाख 94 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विश्वजीत श्रीवास्तव ने बुधवार की दोपहर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम ने सूचना पर नगीना के मोहल्ला विश्नोई सराय निवासी दीपक कुमार के घर मंगलवार की रात करीब 11:45 बजे छापामारी की। यहां एलईडी पर चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच में सट्टा लगा रहे 10 सदस्यों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सटोरियों ने अपने नाम दीपक निवासी विश्नोई सराय, फिरोज निवासी मनिहारी सराय, गंधर्व निवासी चौधराना, नरेश निवासी विश्नोई सराय, रोहित निवासी विश्नोई सराय, अलीम निवासी मुगलान, शमशाद मनिहारी सराय, मुहम्मद अकरम निवासी सरायमीर, मुकेश निवासी हिंदू कटैरा, फुरकान मनिहारी सराय नगीना निवासी बताया। पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और धारा आईटी एक्ट के अंतर्गत सभी का चालान कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि सट्टा लगाने वाले दीपक का संपर्क अन्य बड़े सटोरियों से जुड़े हैं। इस दौरान सीओ महेश कुमार मौजूद रहे।
बड़े पैमाने पर हो रहा सट्टा
आईपीएल मैच पर जनपद में बड़े पैमाने पर सट्टा लग रहा है। पुलिस को इस तरह की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस ने इन सूचनाओं को संकलित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दो दिन की कारवाई में 13 सट्टा खेलने वाले गिरफ्तार किए हैं। तीन सटोरिए मंगलवार को चांदपुर में पकड़े गए थे।