कई वाहनों से उतारे डीजे के एंप्लीफायर
बिजनौर।
कांवड़ यात्रा का रैला जाने का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया है। बड़ी तादाद में कांवड़िये गंगा जल लेने के लिए अपने वाहनों के साथ हरिद्वार जा रहे हैं। कई कांवड़िए डीजे भी लेकर जा रहे हैं। रविवार को मंडावली व श्यामपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से चिडिय़ापुर बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाकर कई वाहनों पर बज रहे डीजे के एंप्लीफायर उतार लिए। उन्होंने बिना डीजे के ही वाहनों को आगे जाने दिया।
कांवड़ यात्रा के जोर पकड़ने के साथ ही दूरदराज के कांवड़िये हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ट्रेन, बस व निजी वाहनों से कांवड़ियों के जत्थे चल रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन ने डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बाद भी कांवड़िए डीजे बजाते हुए हरिद्वार की ओर रवाना हो रहे हैं। एसपी अतुल शर्मा के मुताबिक, रविवार को मंडावली थाने की पुलिस व हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाने की पुलिस ने चिड़ियापुर बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई वाहनों में लगे डीजे के एंप्लीफायर उतारे। पुलिस ने डीजे लगे किसी भी वाहन को हरिद्वार नहीं जाने दिया। कांवड़िये बिना डीजे के ही हरिद्वार रवाना हुए। एसपी का कहना है कि डीजे स्वामी के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।