अमरोहा। देहात थाना क्षेत्र में चकरोड को लेकर हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले। उसके बाद पथराव किया गया। इसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए।
थाना क्षेत्र के गांव बागड़पुुर निवासी जाहिद पत्नी हुसैनजहां के साथ खेतों की ओर ट्रैक्टर लेकर गया था। यहां पहले से ही गांव के कुछ लोग चकरोड पर चारपाई डाले बैठे थे। जाहिद ने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने पति-पत्नी की जमकर पिटाई कर दी।
चीख पुकार सुनकर हुसैनजहां की देवरानी जायदा पत्नी शाहिद बीच बचाव को दौड़ी तो उसे भी पीटा। इसके बाद घर पहुंचे घायलों और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव शुरू हो गया।
घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी लाया गया। घायलों में हुसैनजहां की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों के परिजनों ने दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।