राजा का ताजपुर । चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद मकान के ताले तोड़कर दस हजार की नगदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए । पीड़ित महिला ने चोरी की लिखित तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
रवाना मार्ग पर सरिता देवी का मकान है। उसके पति की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है । वह मकान में अकेली रहती है। बृहस्पतिवार को सरिता की तबीयत खराब थी और वह घर में ताला लगाकर कस्बे में ही एक चिकित्सक से दवाई लेने गई थी। इस दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखी दस हजार की नगदी , कुंडल, अंगूठी सहित करीब एक लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। करीब दो घंटे बाद सरिता देवी दवाई लेकर लौटी तो घर में सारा सामान बिखरा था। चोरी होने का पता लगने पर वह सदमे से बेहोश हो गई। पड़ोसियों ने किसी तरह उसे होश में लाया। सरिता ने घटना की तहरीर पुलिस को देकर चोरों का पता लगाने की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।