छात्र के साथ कुकर्म की कोशिश करने के आरोपी शिक्षक को कॉलेज के प्रबंधक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पर धरना देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार की सुबह साढ़े दस बजे छात्र के परिजन ग्रामवासियों के साथ एमएम इंटर कॉलेज पहुंचे। प्रधानाचार्य राम बहादुर से आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की मांग की। वार्ता के दौरान पीड़ित पक्ष ने घंटा बजा कर कॉलेज की छुट्टी करा दी। इससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कर कर स्कूल की छुट्टी घोषित करा दी। प्रधानाचार्य के आश्वासन पर परिजन एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव चौधरी के नेतृत्व में धरना शुरू कर दिया। एसडीएम शिशिर यादव को ज्ञापन सौंपकर आरोपी शिक्षक शाहिद अली के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। चेतावनी दी कि यदि दो दिन में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं गई तो छात्र आंदोलन करेंगे।
उधर, दोपहर बाद कॉलेज के प्रबंधक/ नगरपालिका नगीना के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। शिक्षक के निलंबन की प्रधानाचार्य राम बहादुर वर्मा ने पुष्टि की है। थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह का कहना है कि शिक्षक अपने परिवार के साथ फरार है। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दो पकड़ने की कोशिश की जा रही है।