निर्दोष को जेल भेजने का आरोप, प्रदर्शन
शेरकोट। फैजान हत्याकांड के मामले निर्दोष को जेल भेजने का आरोप लगाते हुए परिजनों व मोहल्लेवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर घटना की जांच किसी अन्य एजेंसी से कराने की मांग की। जेल गए युवक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस बिना किसी सबूत उनके पुत्र को फंसा रही है। जबकि उनके बेटे का फैजान हत्याकांड से कोई मतलब नहीं है।
सोमवार को मोहल्ला इमामबाड़ा के फैजान हत्याकांड में जेल भेजे गए फरमान के परिजनों व मोहल्लेवासियों ने घटना में निर्दोष का चालान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। मोहल्लेवासियों ने एसपी से फैजान हत्याकांड की जांच किसी अन्य थाने या एजेंसी से कराने की मांग की। फरमान के पिता मुशाहिद का कहना है कि कुछ दिन पूर्व नगर के कुछ लोग ताश खेल रहे थे। तभी किसी बात को लेकर फैजान के पिता इमामुद्दीन और फरमान के बीच विवाद हो गया था। जिसका वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव करा दिया था। इसी कारण पुलिस ने फैजान हत्याकांड के मामले में फरमान को संदेह के घेरे में जोड़कर चल रही है। जबकि फरमान का हत्याकांड से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने एसपी से घटना की निष्पक्ष जांच अन्य किसी एजेंसी या थाने से कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में आजाद खां, दानिश अली, मुशाहिद, पप्पू, तफ्शील अली, अकीलूर रहमान, वाहिद, कासिम, आफाक, भूरे, इकरार रहे।