सिर में प्रहार का महिला को मार डाला
नगीना (बिजनौर)। एक व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपनी ससुराल में ही पत्नी की सिर पर भारी चीज से वार कर हत्या कर दी। विवाहिता का शव घर के पास पड़ा मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सात माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। मृतका के परिजनों ने पति व उसके दो साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
थाना नगीना देहात क्षेत्र के गांव हैजरपुर निवासी हुकुम सिंह प्रजापति की 24 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी का विवाह अप्रैल 2018 में नगीना के मोहल्ला आजाद कालोनी लाइन पार निवासी विशाल प्रजापति के साथ हुआ था। लक्ष्मी के परिजनों के अनुसार विशाल आए दिन लक्ष्मी से मारपीट करता था। इससे परेशान होकर कुछ दिनों से लक्ष्मी अपने मायके में रह रही थी। विशाल शुक्रवार रात अपने दो दोस्तों के साथ उनके घर आया था, लेकिन थोड़ी देर बाद तीनों चले गए। रात में लक्ष्मी अपनी बहन सीमा के साथ मकान में ऊपर बने कमरे में सोई थी। रात करीब 11 बजे विशाल ने फोन करके लक्ष्मी को मकान के पूर्वी ओर मोबाइल टावर के पास बुलाया। लक्ष्मी वहां चली गई। जब काफी देर बाद भी लक्ष्मी नहीं लौटी तो सीमा नीचे आ गई। उसने लक्ष्मी को तलाश किया तो लक्ष्मी का रक्तरंजित शव टावर के पास पड़ा था। लक्ष्मी के सिर पर किसी भारी चीज से वार कर उसकी हत्या की गई थी। लक्ष्मी की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हुकुम सिंह ने विशाल व उसके दोनों दोस्तों के खिलाफ लक्ष्मी की सिर पर वार कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतका के पति विशाल को पूछताछ के लिए पकड़ ले लिया है। सीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा मामले में हर बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है।