मंडावर। काम करने चंडीगढ़ गए एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के परिजनों में कोहराम मचा है। गांव राजारामपुर निवासी धूम सिंह के बेटे विपिन और नितिन चंडीगढ़ में रहकर काम करते हैं। विपिन सिलाई और छोटा भाई नितिन पेंट का काम करता था। शनिवार को विपिन काम पर चला गया, लेकिन 18 वर्षीय नितिन घर पर ही रुक गया। दोपहर को जब विपिन खाना खाने के लिए कमरे पर आया तो देखा कि नितिन का शव कमरे में फांसी पर लटका था। उसने आत्महत्या कर ली थी। इसकी सूचना फोन पर परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। परिजन शव को लेने के लिए चंडीगढ़ रवाना हो गए हैं। गांव वालों का कहना है कि दोनों भाई काफी समय से चंडीगढ़ में रहकर काम करते हैं। वे कुछ दिन पहले छुट्टी पर गांव आए थे और दो दिन पहले ही चंडीगढ़ गए थे।
कार्रवाई की मांग
बिजनौर। मोहल्ला खत्रियान निवासी मोहम्मद आफाक ने एसपी कार्यालय में दिए पत्र में बताया कि आठ सितंबर को बच्चों को लेकर कुछ विवाद हो गया। दूसरे पक्ष के मिर्दगान के पांच लोग उसके घर पर आए और उससे मारपीट की। एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भंडारे का आयोजन किया
बिजनौर। भगवान श्रीकृष्ण की छठी पर मंदिरों में भंडारे कर कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। सदर बाजार में भी भंडारा आयोजित किया गया। प्रवीन गंभीर, सुनील गंभीर, अनिल गंभीर, संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।