हल्दौर। स्थानीय ब्लॉक कार्यालय के निकट हुई बाइक सवार हेड कैशियर से साढ़े पांच लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने थाने में चार बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को पकड़कर थाने लाकर पूछताछ की है।
स्थानीय बिजलीघर के बाइक पर सवार हेड कैशियर शरद कुमार व उसके अन्य एक साथी नरेश कुमार से बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचों के बल पर सोमवार की शाम स्थानीय ब्लॉक कार्यालय के पास साढ़े पांच लाख रुपये की लूटपाट की, और फरार हो गए थे। सरेराह हुई इस लूट की घटना का पर्दाफाश कर लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस की नींद उड़ी हुई है। पुलिस ने लूटपाट के शिकार हेड कैशियर शरद कुमार की तहरीर पर स्थानीय थाने में चार बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लुटेरों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में संभावित ठिकानों पर दबिश दीं। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों में से तीन ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि उनका चौथा साथी बिना हेलमेट लगाए था। पुलिस ने बिना हेलमेट पहने बदमाश का चेहरा पहचानने के लिए फुटेज को वीडियो एक्सपर्ट के पास भेजा है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को उठाकर थाने में लाकर पूछताछ की। पुलिस की ताबड़तोड़ दबिशों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल शर्मा का कहना है कि घटना का शीघ्र पर्दाफाश कर दिया जाएगा।