हल्दौर में गोलबाग के निकट कंटेनर में सवार बदमाशों ने ट्रक चालक व क्लीनर से नकदी, मोबाइल व ट्रक से एनर्जी ड्रिंक की 330 पेटियां लूट लीं। दोनों ने थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के थाना अल्मोड़ा के गांव मंगलता निवासी ट्रक ड्राइवर दीपक पुत्र गोपाल सिंह के साथ उसका भाई धीरज क्लीनर है। दोनों भाई ट्रक में एनर्जी ड्रिंक की 912 पेटी लादकर कस्बा बद्दी नालागढ़ हिमाचल प्रदेश से कलकत्ता जा रहे थे। मंगलवार रात करीब नौ बजे गोलबाग के निकट स्थित आरवीआईटी कालेज के पास कंटेनर में सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उनके ट्रक को ओवरटेक कर रुकवा लिया। ट्रक चालक व क्लीनर के अनुसार कंटेनर सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर जबरन केविन खुलवा लिया और दोनों की पिटाई कर उनके ही कपड़े से हाथपांव बांधकर ट्रक के केविन में डाल दिया। बदमाशों ने दोनों से 17 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। बदमाश ट्रक को हल्दौर गंज मार्ग पर किसी जंगल में ले गए, वहां उन्होंने ट्रक से एनर्जी ड्रिंक की 330 पेटियां उतारकर अपने कंटेनर में लादकर ट्रक को वहीं छोड़ फरार हो गए। बमुश्किल दोनों बंधनमुक्त होकर हल्दौर थाने पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी और ट्रक मालिक को बताया। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। ट्रक चालक व क्लीनर के अनुसार बदमाश नकदी समेत करीब साढ़े आठ लाख रुपये का एनर्जी ड्रिंक लूट ले गए। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा का कहना है कि गांव रुस्तमपुर के निकट चालक व क्लीनर ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके थे और वहीं पर सो गए। ढाबे पर ही चोरों ने माल उड़ाया है। घटना चोरी की है, लूट की नहीं।