तमंचों के बल पर ई रिक्शा लूटी
हल्दौर। रजनीश प्रताप सिंह महाविद्यालय के निकट तीन बदमाशों ने ई-रिक्शा लूटकर फरार हो गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर पीड़ित चालक ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी।
नगर के मोहल्ला तोल्लावाला निवासी शौकत ई-रिक्शा चालक है। शौकत के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे वह नगर के रेलवे फाटक के निकट ई रिक्शा पर बैठकर यात्रियों की प्रतीक्षा कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और उसे कुछ शादी का सामान लेने के लिए गांव अम्हेड़ा को लेकर चल पड़े। अम्हेड़ा-हल्दौर मार्ग पर स्थित रजनीश प्रताप सिंह महाविद्यालय के निकट ई-रिक्शा में बैठे दोनों युवकों ने चालक की कनपटी पर तमंचे लगाकर ई रिक्शा को जबरन रुकवा लिया। इसी बीच दोनों बदमाशों का एक अन्य साथी भी मौके पर आ गया। दोनों बदमाश चालक को पास स्थित ईख के खेत में ले गए, जबकि उनका तीसरा साथी ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गया। दोनों बदमाशों ने चालक को पीटकर घायल कर दिया और दो सौ रुपये भी लूट ली। और चालक को रस्सी से हाथ-पैर बांधकर मौके से फरार हो गए। बमुश्किल ई-रिक्शा चालक स्वयं को बंधन मुक्त होकर थाने पहुंचा। मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।