हल्दौर। सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव ने गन्ने की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में बिलाई शुगर मिल के प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह के निर्देश पर सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव ओमप्रकाश सिंह ने रविवार को थाने में बिलाई शुगर मिल के प्रबंधक, गन्ने की पर्ची देने वाली किसान हरजीत कौर पत्नी निर्मलजीत सिंह निवासी गांव बड़कला बिजनौर व गन्ने की पर्ची लेकर गन्ना तुलवाने वाले किसान कालू प्रधान निवासी गांव मोड़ जिला मेरठ के खिलाफ धारा 22 के तहत गन्ना खरीद एवं आपूर्ति विनियमन के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। सचिव ने बताया कि धारा 22 के अंतर्गत किसान गन्ने की अपनी पर्ची किसी अन्य किसान को देकर उसका गन्ना मिल को नहीं बिकवा सकता हैं। तीन दिन पूर्व राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने बिलाई शुगर मिल के केन यार्ड में जनपद मेरठ से गन्ने की अवैध बिक्री के लिए पहुंचा ट्रैक्टर ट्राला पकड़ा था। किसानों ने गन्ने की अवैध खरीद फरोख्त के कारोबार में लिप्त मिल प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ धरना देकर डीसीओ से कार्रवाई कराने की मांग की थी। डीसीओ के निर्देश पर पकड़े गए ट्रैक्टर ट्राले में लदे गन्ने की बिक्री कराकर प्राप्त धनराशि को गन्ना समिति के बैंक खाते में जमा कराया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से गन्ना माफिया में हड़कंप मचा हुआ है। थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल शर्मा ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करने की पुष्टि की है।