अमरोहा। स्वास्थ्य विभाग में दो करोड़ से अधिक के टीडीएस में गड़बड़झाला सामने आ रहा है। पिछले आठ वर्षों से टीडीएस की डिमांड लंबित पड़ी हुई हैं। आयकर विभाग ने कई नोटिस जारी किए। बावजूद इसके स्वास्थ्य अधिकारी कोई जवाब नहीं दे रहे।
सोमवार दोपहर आयकर विभाग की तीन सदस्ययी टीम ने सीएमओ दफ्तर पर छापा मार दिया। टीम ने वेतन, गाड़ी और भवनों से संबंधित अभिलेख जब्त कर लिए। दवाओं और कर्मचारियों से संबंधित लेखा-जोखा तलब होते ही कर्मचारी बगले झांकने लगे। जिसे लेकर इनकम टैक्स अफसर ने कर्मचारियों को फटकार भी लगाई है। सोमवार को दोपहर आयकर अधिकारी टीडीएस मुरादाबाद रमेश चंद वर्मा, आयकर निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह और अविनाश कुमार सहित तीन सदस्य टीम ने सीएमओ दफ्तर पहुंची। टीम ने पहुंचते ही सीएमओ ऑफिस के सामने स्थित अकाउंटेंट से स्वास्थ्य कर्मचारियों के वेतन, गाड़ियों का किराया और बिल्डिंग निर्माण से संबंधित अभिलेख तलब करना शुरू कर दिया।
अचानक आयकर विभाग की टीम के पहुंचे पर कर्मचारियों में खलबली मच गई। टीम ने कार्यदायी संस्थाओं से मिलने वाली दवाओं के बिल मांगे तो कर्मचारी बगले झांकने लगे। जिससे आयकर अधिकारी का पारा चढ़ गया।
उन्होंने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। करीब तीन घंटे चली अभिलेखों की जांच पड़ताल में इनकम टैक्स की टीम को कई खामियां मिली हैं। इसके चलते आयकर की टीम ने छह दिन बाद अभिलेखों के साथ मुरादाबाद कार्यालय में तलब किया है। टीम की कार्रवाई के चलते सीएमओ ऑफिस कर्मचारियों में खलबली मची रही। ---------------------
अमरोहा स्वास्थ्य विभाग में वर्ष 2008-09 से लेकर अब तक करीब दो करोड़ से अधिक का टीडीएस की डिमांड लंबित है। कई बार नोटिस जारी किए गए। लेकिन, उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था। जिसके चलते टीम ने वहां पहुंचकर अभिलेख चेक किए हैं। जांच में कई खामियां सामने आई हैं। छह दिन बाद अधिकारियों को अभिलेखों को साथ मुुरादाबाद तलब किया गया है। - रमेश चंद वर्मा, आयकर अधिकारी टीडीएस मुरादाबाद।