ढबारसी/बुरावली (अमरोहा)। आदमपुर पुलिस ने चीला गांव के जंगल में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही निर्मित और अर्द्धनिर्मित हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया आरोपी पिछले करीब 22 साल से अवैध हथियार बनाकर बेचने का धंधा करता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सोमवार को आदमपुर थाने में एसपी डॉ. विपिन ताडा ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा करते हुए बताया कि आदमपुर इंस्पेक्टर आरपी शर्मा और रहरा चौकी इंचार्ज रविंद्र मलिक सोमवार कि सुबह गश्त कर रहे थे।
जैसे ही टीम गंगेश्वरी में नदी के पुल के पास पहुंची तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चीला के जंगल के पास एक व्यक्ति अवैध शस्त्र की मरम्मत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए ठिकाने पर छापा मार दिया। कीकर के पेड़ के नीचे बैठे एक व्यक्ति अवैध तमंचे की मरम्मत कर रहा था। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान साकिर सैफी निवासी चीला के रूप में हुई। पुलिस ने इसके कब्जे से 2 तमंचा 315 बोर, 1 तमंचा 312 बोर, 1 डील मशीन, 1 हथौड़ी, एक लोहा शिकंजा, रेती, छैनी, 6 अदद नाल 312 बोर और 315 बोर सहित उपकरण बरामद हुए।
एसपी के मुताबिक शाकिर पिछले 22 वर्षों से तमंचा बनाने का धंधा करता है। साथियों के बाहर चले जाने के बाद से वह स्वयं ही अवैध तमंचा फैक्ट्री चला रहा है। यह पहले कई बार तमंचा बनाता हुआ पकड़ा गया है। इस पर आदमपुर थाने में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।