अमरोहा। आमदपुर थाना क्षेत्र के में मानव तस्करी का कारोबार फल-फूल रहा है। तस्करों ने उड़ीसा के कटक रेलवे स्टेशन से महिला को बहला फुसलाकर यहां चार महीने में तीन बार बेच डाला। युवती का शारीरिक शोषण किया गया। किसी तरह तस्करों के चंगुल से छूटकर ढबारसी पहुंची महिला ने मदद की गुहार लगाई। ग्रामीणों की सूचना पर आदमपुर पुलिस ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। इससे पहले भी आदमपुर क्षेत्र में कई बाहरी महिलाओं को खरीदने और बेचने का खुलासा हो चुका है।
करीब चार माह पहले उड़ीसा की महिला की उसकी मां से कहासुनी हो गई थी। जिससे नाराज होकर महिला कटक रेलवे स्टेशन पर आ गई। पीड़िता के मुताबिक स्टेशन से एक व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर कानपुर ले गया। एक सप्ताह अपने घरकर शारीरिक शोषण किया। इसके बाद युवक ने महिला को आदमपुर थाना क्षेत्र के एक युवक को तीस हजार रुपये में बेच दिया। उसने महिला से शादी कर ली और उस पर खूब अत्याचार किए। दो दिन पूर्व युवक ने महिला को ईंटा में 20 हजार रुपये में बेच डाला। इस बीच महिला किसी तरह तस्करों के चंगुल से भाग निकली। इसके बाद ढबारसी के ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। ग्रामीणों को एकत्र देख तस्कर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने पीड़ित महिला की जानकारी आदमपुर पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने थाने में लिखित शिकायत करने की बात कहकर कार्रवाई करने से पल्ला झाड़ लिया।
मामला मेरी संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह का मामला है तो संबंधित इंस्पेक्टर को निर्देशित कर कार्रवाई की जाएगी।
- सुधीर कुमार सिंह, एसपी अमरोहा