अमरोहा। सौ बेड के जिला संयुक्त अस्पताल में पिछले एक हफ्ते से मरीजों का एक्सरे नहीं हो रहा है। एक्सरे के लिए दूर दराज से आने वाले मरीजों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। वजह साफ है, अस्पताल में तैनात एक इकलौते रेडियोलॉजिस्ट छुट्टी पर है। इसके चलते एक्सरे सेवा ठप है। शनिवार को धनौरा तहसील के गांव तिगरी से आए एक गंभीर घायल को केवल इसलिए रेफर कर दिया गया, क्योंकि यहां एक्सरे की सुविधा होने के बावजूद रेडियोलॉजिस्ट कई दिन से छुटटी पर चल रहे हैं। मारपीट में घायल हुए मजदूर को सिर के अलावा हाथ-पैर में कई गंभीर चोटें आई थी। घायल को लेकर उसके परिजन 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मजदूर को गंभीर हालत में ही रेफर कर दिया गया। मालूम हो कि जिला अस्पताल में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट पिछले छह दिन से छुट्टी पर हैं। इसलिए मजदूर का एक्स रे न होने की वजह से इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने मरीज को रेफर कर दिया। एक्स रे न हो पाने की वजह से पिछले छह दिन में कई मरीजों में रेफर करना पड़ा है। इसकी वजह यह है कि डॉ. कुलदीप के अलावा यहां सालों से कोई दूसरा रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर ही नहीं है। सीएमएस डॉ. राम निवास ने बताया कि डा. कुलदीप एक हफ्ते की छु्ट्टी पर है। इसके चलते एक्सरे नहीं हो पा रहा है। हमारे पास वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है।
सीएचसी पर भी लटका मिला ताला
अमरोहा। सीएचसी पर भी डॉक्टर न होने की वजह से आंखों की समस्या से परेशान दर्जनों मरीजों को लौट वापस लौट जाना पड़ा। सीएचसी पर आंखों के रोजाना 30 से 40 मरीज इलाज कराने आते हैं। लेकिन शनिवार को डॉक्टर न होने की वजह से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। सीएचसी प्रभारी डॉ. मुम्ताज अंसारी ने बताया कि यहां तैनात नेत्र चिकित्सक डॉ. मयंक वर्मा की पीएम पर ड्यूटी लगी थी। इसलिए मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।