विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में मारपीट
स्योहारा। विद्यालय के प्रबंधक के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए बुलाई गई बैठक में सदस्यों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के लोग आपस में ही भिड़ गए। मारपीट के बाद बैठक रद्द कर दी गई। एक पक्ष ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है।
गांव मुकरपुरी में कृषक जनता इंटर कॉलेज में वर्तमान में विकास चौहान प्रबंधक, धर्मेंद्र सिंह अध्यक्ष हैं। प्रबंध कमेटी में 173 सदस्य हैं। सदस्यों के अनुसार प्रबंधक व अध्यक्ष में कुछ दिनों से विवाद चल रहा है। रविवार को अध्यक्ष पक्ष ने प्रबंधक के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए बैठक बुलाई थी। बैठक का एजेंडा अध्यक्ष पक्ष के सदस्यों को ही बताया गया था। इसका पता प्रबंधक पक्ष के सदस्यों को चल गया और वे भी कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने एजेंडा न भिजवाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस पर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। बाद में दोनों पक्ष किसी तरह शांत हुए। हंगामे के कारण बैठक स्थगित कर दी गई।
थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि दोनों पक्षों को एसडीआई की परमिशन लेकर ही विद्यालय में इस प्रकार की बैठक करने के लिए समझा कर विवाद समाप्त करा दिया गया है। इस प्रकरण में चौकीदार आनंद चौहान ने पुलिस में तहरीर देकर कहा है कि कुछ लोग विद्यालय के गेट का ताला तोड़कर विद्यायल परिसर में आ गए। मना करने पर मारपीट की।