दबिश देने गई पुलिस पर महिलाओं ने किया हमला
किरतपुर। गोवंश कटान की सूचना पर पहुंची पुलिस को महिलाओं ने खदेड़ दिया। महिलाओं के विरोध के चलते पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही। पुलिस ने घटनास्थल से 50 किलो भैंस का मांस बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मोहल्ला लुहारान स्थित मुस्तकीम कुरैशी के मकान पर गोकशी की जा रही है। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज बिजेंद्रपाल सिंह ने घर की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इसी दौरान घर की महिलाओं ने विरोध करते हुए पुलिस से धक्का मुक्की शुरू कर दी। इस विरोध के चलते आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि नगर में अवैध पशु कटान व गोकशी की सूचनाएं मिल रहीं थीं। सूचना पर कस्बा इंचार्ज बिजेंद्र पाल सिंह घटनास्थल पर गए थे। उन्हें मौके से भैंस का 50 किलोग्राम मांस मिला है। इस मामले में तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, आक्रोशित महिलाएं पुलिस कार्रवाई की शिकायत लेकर बिजनौर जाकर एसपी से मिली।