अमरोहा। डिडौली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सात लोगों पर दुष्कर्म, मारपीट और दहेज उत्पीड़न संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी पड़ोसी गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालियों ने विवाहिता से दो लाख रुपये और एक बाइक की मांग शुरू कर दी। इसका विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि देवरों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके पहुंची विवाहिता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता डिडौली कोतवाली पहुंची लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इंस्पेक्टर ऋषिराम कठेरिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर महिला के पति नासिर, सास बदरून, ननद सबीना, अजरा और देवर नाजिम और फिरोज निवासी सहसपुर अलीनगर और असमोली थाना के ओवरी निवासी नदीम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।