घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले का चालान
बढ़ापुर। पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व के घर में घुसकर महिला के साथ तमंचे के बल पर छेड़छाड़ करने के मामले को पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट में दर्ज किया है। एक सप्ताह बाद इस केस में महिला के साथ छेड़छाड़ करने की धारा बढ़ाते हुए आरोपी युवक का चालान कर दिया।
पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व कस्बे के मोहल्ला ठाकुरान निवासी सलीम के विरुद्ध पैसों के लेनदेन को लेकर दूसरे मोहल्ले के एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़ित व्यक्ति का आरोप था कि आरोपी युवक ने उसके घर में घुसकर तमंचे के बल पर उसकी पत्नी के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी उसकी पत्नी को पीटकर घायल कर दिया था। आरोप था कि पुलिस ने इस मामले में फर्जी तहरीर पर महज पैसों के लेनदेन को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने का केस दर्ज किया था। पीड़ित महिला और उसके पति ने इस मामले की शिकायत भाजपा के बढ़ापुर विधायक कुंवर सुशांत सिंह से की। विधायक ने कोतवाल नरेश कुमार से इस मामले में पीड़िता के आरोप अनुसार केस दर्ज करने की बात कही। पुलिस ने पीड़िता के 164 के तहत बयान दर्ज कराकर पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट करने के केस में घर में घुसकर महिला के साथ जबरदस्ती व छेड़छाड़ करने की धारा बढ़ाकर मंगलवार को आरोपी युवक सलीम को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है।
दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
हीमपुर दीपा। क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गांव में 26 जनवरी को एक युवती को घर पर अकेला पाकर गांव के ही युवक ने मारपीट करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया था। जिस पर युवती के पिता ने एसीजेएम द्वितीय की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। अदालत के आदेश पर 10 मई को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार को को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।