धामपुर। मुजफ्फरनगर की महिला ने एक भाजपा नेता पर अपने साथियों के साथ मिलकर उससे गैंगरेप करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति बीमार रहते हैं। कुछ दिन पूर्व वह रोजगार के साधन के लिए अपने जान पहचान वाले के घर धामपुर आई थी। उस व्यक्ति ने उसे धामपुर के एक भाजपा नेता के घर पर भेज दिया। भाजपा नेता ने मुलाकात के बाद उसे दो तीन दिन बाद आने कहा। तीन दिन बाद फिर वह भाजपा नेता के पास पहुंची। आरोप है कि भाजपा नेता उसे किसी अनजान जगह पर ले गया और वहां अपने दो साथियों के साथ उससे गैंगरेप किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गई और परिजनों को आपबीती सुनाई। बुधवार को पीड़िता ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल संजय पांचाल का कहना है कि मामला संज्ञान में आ गया है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।