अधेड़ की शराब पीने से मौत
नूरपुर (बिजनौर)।
गांव मिर्जापुर ढीकली में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने गांव के ही एक अधिवक्ता समेत दो लोगों पर जहरीली शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव मिर्जापुर ढीकली निवासी राजेंद्र सिंह (55) ने सोमवार की शाम गांव में ही एक आटा चक्की पर बैठकर शराब पी थी। शाम को घर आने पर उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए नूरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। बिजनौर में उपचार के दौरान रात में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजन सुबह शव लेकर थाने पहुंचे और गांव के ही राम त्यागी एवं महेंद्र सिंह पर राजेंद्र को शराब में जहर मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मृतक की पत्नी उर्मिला देवी ने बताया कि महेंद्र और राम त्यागी उसके पति से ग्राम प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश रखते थे। सोमवार की शाम दोनों ने उसे महेंद्र की आटा चक्की पर बुलाया और जहर मिलाकर शराब पिला दी। पुलिस ने उर्मिला देवी की तहरीर पर राम त्यागी और महेंद्र के विरुद्घ हत्या और एससी/एसठर एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।