नजीबाबाद। बसपा नेता हाजी मो. अहसान और उनके भांजे मो. शादाब के हत्यारों की मदद करने के मामले में पुलिस ने गांव कनकपुर के तीन व्यक्तियों को जेल भेजा है। पुलिस का दावा है कि तीनों आरोपी हत्यारों को खाना पहुंचाने के लिए निकले थे।
पुलिस ने गांव कनकपुर निवासी बाबूशाह, अलाउद्दीन और अब्दुल शमी को नजीबाबाद में 28 मई 2019 को हुए डबल मर्डर के हत्यारोपियों को मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बसपा नेता मो. अहसान और उनके भांजे मो. शादाब की नजीबाबाद स्थित उनके कार्यालय पर बाइक सवार दो शूटरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शूटरों को बाइक पर लाने वाले मो. दानिश पुत्र इरफान निवासी उब्बनवाला को पकड़कर घटना का खुलासा किया था। दानिश में पूछताछ में पुलिस ने खुलासा किया था कि कनकपुर निवासी शाहनवाज पुत्र अलीमुद्दीन ने गांव उब्बनवाला निवासी दानिश, जलालाबाद निवासी जब्बार पुत्र गफ्फूर से यह हत्या कराई है। पुलिस तीनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी में जुटी है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए गांव कनकपुर के तीनों ग्रामीणों से हत्यारों के लिए ले जाए जा रहे खाने-पीने के सामान बरामद किया है। इससे पूर्व भी पुलिस हत्यारों को संरक्षण देने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।