वन्य जीवों को पकड़ने के लिए बिछाया जाल
मंडावर। वन्य पशुओं का शिकार करने के लिए कुछ लोगों ने वन विभाग की पौधशाला के पास ही जाल लगा दिया। वन विभाग की टीम ने छापेमारी की तो आरोपी भाग गए। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ मंडावर थाने में तहरीर दी गई है।
वन दरोगा महीपाल सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गंगा नदी के किनारे गांव गीदड़पुरा व मानसापुर के मध्य हस्तिनापुर वन्य जीव विहार को वन्य जीवों को प्राकृतिक आवास प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने बृहस्पतिवार रात गांव गीदड़पुरा में पौधशाला के पास छापेमारी की तो वहां पर वन्य पशुओं को पकड़ने के लिए जाल बिछा हुआ मिला। पास में ही घास में एक थैले में छिपाकर रखा गया छुरा भी मिला। आहट होने पर जाल बिछाने वाले भाग गए, लेकिन उनकी शिनाख्त कर ली गई। वन दरोगा ने गांव चांदपुर उर्फ भोगपुर पट्टी निवासी प्रीतम, नरेंद्र, कुड़वा, ऋषिपाल, बग्गू, सीता, कृष्णपाल, गांव मानसापुर के संदीप, राकेश, वीरेंद्र तथा गांव सहजादपुर के ऋषिपाल के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। रेंजर शरद गुप्ता ने बताया कि वन्य जीवों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।