बिजनौर। निधि शर्मा उर्फ इकरा की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। दिल्ली पुलिस निधि के पहले पति को साथ लेकर बृहस्पतिवार को बिजनौर पहुंची और दूसरे पति इंतजार को अपने साथ दिल्ली ले गई। पुलिस के मुताबिक इंतजार ने ही निधि की हत्या की है। पुलिस को शक है कि इंतजार की दोनों पत्नियों में तकरार रहती थी। इसलिए ही उसने निधि उर्फ इकरा को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी।
बिजनौर के मोहल्ला बी 13 खत्रियान निवासी इंतजार दिल्ली में बढ़ई का काम करता है। दिल्ली की ब्रह्मपुरी निवासी संजय मिश्रा की पत्नी निधि शर्मा को उसने फेसबुक पर दोस्ती कर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। 17 जुलाई को इंतजार निधि को लेकर फरार हो गया। निधि का धर्म परिवर्तन करा इकरा नाम रख दिया। इकरा से निकाह कर इंतजार उसे दिल्ली के जाफराबाद इलाके में किराए के मकान में रखकर रहने लगा। दिल्ली के उस्मान नगर थाने में निधि शर्मा की उसके पति संजय मिश्रा ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इंतजार की पहली पत्नी अफरोज बिजनौर के मकान पर रहती है। इंतजार की इस हरकत से उसकी पहली पत्नी अफरोज नाराज थी।
पुलिस की मानें तो अफरोज और इकरा में तकरार होती रहती थी। इकरा को रास्ते से हटाने के लिए इंतजार ने दिल्ली में ही गला दबाकर हत्या कर दी और उसका शव गुपचुप तरीके से दफनाने के लिए बिजनौर ले आया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर इंतजार को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस को इस बारे में सूचना दे दी। शहर कोतवाल बिजेंद्रपाल राणा के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निधि शर्मा उर्फ इकरा की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। दिल्ली के न्यू उस्मान नगर थाने की पुलिस निधि शर्मा के पहले पति संजय मिश्रा को लेकर बिजनौर पहुंची है। पुलिस ने इंतजार को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
निकाह के बाद ताले में कैद रहती थी निधि
पुलिस के मुताबिक इंतजार को इकरा पर पूरी तरह विश्वास नहीं था। इसलिए वह भी दिल्ली में काम पर जाता था तो मकान के मुख्य गेट में ताला लगाकर जाता था। घर लौटने पर ताला खोलता था। दिल्ली में निधि शर्मा उर्फ इकरा को वह लेकर नहीं घूमता था। इकरा को बिजनौर भी लेकर आया था। संजय मिश्रा की पुरानी दिल्ली में बिस्कुट की छोटी सी दुकान है। इसी से वह अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। फेसबुक पर निधि से दोस्ती के बाद इंतजार उसके घर आने लगा और परिजनों से भी घुल मिल गया। किसी को भी निधि व इंतजार के प्रेम संबंधों पर शक नहीं था। निधि के घर वालों को जब दोनों के बारे में पता चला तो सब सकते में पड़ गए।