अमरोहा। रविवार की रात चेकिंग के दौरान अवैध पिस्टल के साथ पकड़े गए दो छात्रों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। छात्रों से बरामद पिस्टल पर यूएसए लिखा था। जबकि पुलिस देशी होना बता रही है।
एसपी डा. विपिन ताडा के आदेश पर रविवार की रात जनपद भर में चेकिंग अभियान चलाया गया था। इसी क्रम में शहर कोतवाल हरपाल सिंह बालियान की मौजूदगी में टीपी नगर चौकी पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी बिजनौर की ओर से बुलेट सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की गई तो वह भाग निकले। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया था। तलाशी के दौरान पुलिस ने युवकों से अवैध देशी पिस्टल और कारतूस बरामद किया। पुलिस दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस कोतवाली ले गई। जहां पूछताछ में युवकों की पहचान मुरादाबाद के छजलैट के गांव हरकिशनपुर निवासी सुनील चौधरी और रजबपुर थाना क्षेत्र के धनोरी माफी निवासी मोहित सिद्धू के रूप में हुई। इंस्पेक्टर के मुताबिक दोनों योग का डिप्लोमा कोर्स कर रहे हैं। सोमवार को दोनों पर अवैध पिस्टल से संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर जेल भेज दिया है।