गहने चोरी करते भागते बदमाश कैमरे में हुए कैद
बिजनौर। दो बदमाशों ने एक सराफ की दुकान से दिन दहाड़े चार लाख कीमत के गहनों से भरा डिब्बा उठा लिया और बाजार में फरार हो गया। दोनों सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में लगी है।
मोहल्ला सोतियान निवासी प्रदीप वर्मा की सराफा बाजार में परितोष ज्वैलर्स के नाम से सर्राफ की दुकान है। बुधवार शाम को वे दुकान पर बैठे हुए थे। इस बीच दो युवक तहसील की ओर से वहां पहुंचे। एक युवक बाइक से उतर गया और दूसरा युवक बाइक लेकर थोड़ी आगे खड़ा हो गया। एक युवक दुकान के अंदर गया और प्रदीप वर्मा की दुकान से सोने-चांदी के जेवर से भरा एक डिब्बा उठा लिया। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता दोनों युवक बाइक से बाजार की ओर आराम से फरार हो गए। डिब्बे में करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवर थे। इसका पता चलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसी फुटेज तहरीर के साथ पुलिस को सौंप दी है। पुलिस बाइक सवारों की पहचान कराने में जुटी है।