चलती बस में फौजी दंपति के साथ लूटपाट
नजीबाबाद। रोडवेज बस स्टेंड के पास दिनदहाड़े बदमाशों ने चलती बस में फौजी दंपति को लूट लिया। एक लुटेरे को फौजी ने दबोचकर शोर मचाया। परिचालक और रोडवेज में सवार यात्रियों के चुप्पी साधने के कारण लुटेरे बस से कूदकर फरार हो गए।
मिलाप नगर रुड़की निवासी 70 वर्षीय फौजी सुरेंद्र दत्त शुक्ला अपनी पत्नी विमला देवी के साथ भांजे की शादी में कोटद्वार जा रहे थे। रुड़की से मंगलवार सुबह नौ बजे नजीबाबाद स्टेशन पहुंचने के बाद फौजी रेलवे स्टेशन के निकट कोटद्वार जाने के लिए रोडवेज बस स्टेंड पहुंचे। डिपो के बाहर से फौजी अपनी पत्नी के साथ गढ़मुक्तेश्वर डिपो की बस में सवार हुए। रोडवेज बस में एक साथ काफी यात्री चढ़ गए। फौजी दंपति और कई यात्रियों को बस में बैठने के लिए जगह नहीं मिली। दंपति के अनुसार उनकी अटैची को एक बदमाश ने खोल लिया। इस बीच दंपति ने बदमाश को दबोच लिया। फौजी ने परिचालक और अन्य लोगों से मदद की गुहार लगाई। लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। फौजी के अनुसार बदमाश लगभग बीस हजार रुपये, सोने के कुंडल और अंगूठी लेकर फरार हो गये। फौजी ने थाना प्रभारी डीएस धामा को तहरीर दी। रोडवेज परिचालक पर आरोप लगाए गए और कार्रवाई की मांग की गई। सीओ अरुण कुमार सिंह ने चलती बस में हुई घटना के संबंध में जांच का आश्वासन दिया।
पुलिस चौकी के नजदीक हुई घटना
चलती बस में बदमाशों ने जिस स्थान पर फौजी को लूटा उसके चंद कदम की दूर रेलवे स्टेशन चौराहे पर पुलिस चौकी है। पुलिस चौकी के निकट ही फौजी की हजारों की नगदी और आभूषण लूट कर बदमाश भाग गए। दिनदहाड़े चलती बस में लूट होने की गुहार लगाने के बाद बस यात्रियों और परिचालक द्वारा साथ न देने से फौजी और उसका परिवार आहत है