बदमाशों ने बाइक सवार को लूटा
नांगलसोती। सशस्त्र बदमाशों ने दिन दहाड़े एक बाइक सवार पर हमला कर लूटपाट की। बदमाशों ने बाइक सवार पर डंडों से हमला कर बेहोश कर दिया। बदमाश बाइक, पर्स और कीमती मोबाइल लूट कर फरार हो गए।
नांगलसोती के गांव सबलपुर बीतरा निवासी निजामुद्दीन रविवार को अपने भांजे को लेने बाइक से मौअज्मपुर रेलवे स्टेशन जा रहा था। दिन में करीब 12.30 बजे जैसे ही निजामुद्दीन गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर मालन नदी के समीप सबलपुर बीतरा-मौअज्जमपुर मार्ग पर पहुंचा। वहां पहले से ही घात लगाए बैठे चार सशस्त्र बदमाशों ने उस पर डंडों से हमला बोल दिया। बदमाशों के हमले से निजामुद्दीन बुरी तरह घायल हो गया। सिर में चोट लगने से वह बेहोश होकर सड़क के एक ओर गिर गया। बदमाश निजामुद्दीन की जेब से नगदी का पर्स, कीमती मोबाइल और बाइक लूट कर फरार हो गए।
काफी देर तक बेहोश रहने के बाद होश आने पर निजामुद्दीन ने उसके साथ हुई लूटपाट की जानकारी अपने परिजनों को दी। दिन दहाड़े लूट की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ग्राम प्रधानपति शाहाबुद्दीन, आरिफ, तसलीम अहमद, इकबाल अहमद, रिजवान, शमीम अहमद पीड़ित को साथ लेकर नांगल थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही नांगल थाने के एसआई जगपाल गिरी, मुकेश कुमार ने पुलिस बल के साथ आसपास बदमाशों को तलाशा लेकिन उनका पता नहीं चल सका। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।