अमरोहा। शहर कोतवाली पुलिस ने फर्जी टीसी और स्थानांतरण प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने डीआईओएस अमरोहा और मुरादाबाद के अलावा बेसिक शिक्षाधिकारी सहित अन्य स्कूलों की ग्यारह मोहर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक से बनी हुई टीसी और खाली प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया है। युवक को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस ऑफिस में खुलासा करते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को सदर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला छंगा दरवाजा में छापा मारकर अरुण शर्मा को गिरफ्तार किया। अरुण के पास से फर्जी टीसी, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, जिला विद्यालय निरीक्षक अमरोहा, मुरादाबाद और बीएसए के अलावा जनपद के कई स्कूलों के प्रधानाचार्यों की 11 मोहरें बरामद की गईं। एसपी के मुताबिक आरोपी अरुण शर्मा काफी अरसे से ये काम कर रहा था। अरुण एक गिरोह चलाता है। यह विभिन्न स्कूल-कॉलेजो की मोहरों का प्रयोग कर मांग पर फर्जी टीसी, स्थानांतरण प्रमाण पत्र बनाता है। फर्जी टीसी व स्थानांतरण पत्र देने के बदले 300 से 1000 रुपये लेता है। पुलिस ने 13 बनी टीसी और 15 टीसी के खाली प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। इससे अवैध कारोबार से जुड़े अन्य युवकों की धरपकड़ की कार्रवाई की जा रही है।