गंज दारानगर। अपने मामा के यहां शादी में आए युवक की गंगा में परिजनों के संग नहाते समय डूबने से मौत हो गई ।परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ अपने घर ले गए ।
शुक्रवार को थाना कोतवाली शहर अंतर्गत ग्रामगंज निवासी नईम पुत्र अब्दुल वासे के यहां शादी थी। इसमें सम्मिलित होने के लिए नजीबाबाद मोहल्ला जाफ्तागंज निवासी मोहम्मद रिजवान उम्र 21 वर्ष अपने मामा नईम के शादी में सम्मिलित होने के लिए आया था। शुक्रवार दोपहर यह सब लोग गंगा नहाने के लिए गंज गंगा घाट पर पहुंच गए, जहां यह लोग स्नान करने लगे। स्नान करते समय मोहम्मद रिजवान गहरे जल में चला गया, वहां किसी गहरे कुंड में डूब गया। इसके डूबने का किसी को भी पता नहीं चला। काफी देर तक रिजवान दिखाई न देने पर परिजनों ने इधर-उधर देखा तथा रिजवान की तलाश की। रिजवान के कपड़े और जूते गंगा घाट पर ही रखे हुए दिखाई दिए। परिजनों द्वारा रिजवान की तलाश की गई तो रिजवान की लाश पास में ही गंगा में मिल गई। लाश के मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन लाश को बिना कार्रवाई के अपने घर नजीबाबाद ले गए।