एबीवीपी नेता ने कोच को पीटा
बिजनौर। राज्य स्तरीय की खो खो प्रतियोगिता में आई लड़कियों से छेड़छाड़ करने पर बंधक बनाए गए आरोपी को छुड़ाने के लिए एबीवीपी के विभाग सहसंयोजक ने खो खो कोच/प्रतियोगिता संयोजक को पीट दिया। इससे गुस्साए खिलाड़ी एबीवीपी नेताओं के पीछे दौड़ लिए। कोच ने एबीवीपी के विभाग संयोजक और 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विदुरकुटी रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय खो खो प्रतियोगिता चल रही है। प्रतियोगिता में युवतियों की टीम भी हिस्सा ले रही हैं। सोमवार सुबह से कुछ युवक युवतियों पर कॉलेज में आकर फब्तियां कस रहे थे। गुस्साई युवतियों ने एक युवक को पकड़कर पीट दिया और बंधक बनाकर बैठा लिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई। इसी बीच शाम के समय एबीवीपी का विभाग सहसंयोजक रोबिन अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। उसने युवक को अपना साथी बताते हुए युवतियों और आयोजकों से बदसलूकी की। वह बंधक बनाए गए युवक को अपने साथ लेकर जाने लगा तो युवतियों ने विरोध किया।
इस पर रोबिन चौधरी और उसके साथियों ने खो खो कोच मुकुल जटलान को पीट दिया। इससे मौके पर हंगामा हो गया और प्रतियोगिता भी बीच में रुक गई। कोच से मारपीट होते देख खिलाड़ी हमलावरों की ओर दौड़े तो रोबिन चौधरी और उसके साथियों ने वहां से भागकर जान बचाई। आरोप है कि रोबिन चौधरी ने कोच मुकुल जटलान को जान से मारने की धमकी दी। मुकुल जटलान की ओर से रोबिन चौधरी और उसके 25 अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहर कोतवाल फतेह सिंह ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है। रोबिन चौधरी ने आरोपों को गलत बताया है।