मंदिर का ध्वज फाड़ने वाले की धुनाई
हल्दौर (बिजनौर)। एक युवक ने रविदास धर्मशाला के मंदिर का ध्वज उतारकर फाड़ दिया। ग्रामवासियों ने युवक को दबोच लिया और दौड़ा-दौडाकर पीटा। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुम्हारपुरा में रविदास धर्मशाला के मंदिर में ध्वज लगा था। ग्रामीणों का आरोप है कि मंगलवार सुबह एक युवक धर्मशाला पर पहुंचा और मंदिर की चोटी पर लगा ध्वज उतारने लगा। लोगों ने उसे देख लिया तो युवक ने झंडा फाड़कर फेंक दिया। इससे आक्रोशित ग्रामवासियों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस आरोपी युवक को थाने ले गई। पुलिस को युवक ने अपनी पहचान चंद्रशेखर पुत्र जीवन सिंह निवासी गांव सलामदाबाद थाना नहटौर के रूप में बताई है। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र का कहना है कि आरोपी की दिमागी स्थिति सामान्य नहीं है। ग्रामवासियों की तहरीर पर उसके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है।