स्कूल प्रबंधक पर शिक्षिकाओं के अपहरण का आरोप
हल्दौर (बिजनौर)।
गांव नांगलजट निवासी दो शिक्षिका बहने दो दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। उनके पिता ने स्कूल के प्रबंधक और एक शिक्षक पर अपनी दो पुत्रियों के अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव नांगलजट निवासी एक व्यक्ति की दो पुत्रियां कस्बा झालू के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है। दो दिन पूर्व स्कूल प्रबंधक और एक टीचर उनके घर पहुंचे और दोनों को कार से साथ ले गए। देर शाम तक दोनों बहने घर नहीं लौटी। मंगलवार की शाम करीब साढे़ छह बजे एक युवती ने पिता को फोन कर बताया कि हम दोनों बहनेखतरे में है। स्कूल प्रबंधक और उसके साथ आया शिक्षक हमें किसी अंजान जगह पर ले आया है। इसके बाद फोन कट गया। यह सुनकर युवतियों के परिजनों के होश उड़ गये। उन्होंने युवतियों को काफी तलाशा। मगर, सफलता नहीं मिली। स्कूल पहुंचने पर पता चला कि स्कूल प्रबंधक और उसका साथी टीचर भी लापता है। युवतियों के पिता ने बृहस्पतिवार की शाम थाने पहुंचकर इस मामले में पुलिस को तहरीर दी। स्कूल प्रबंधक और उसके साथी टीचर पर अपनी दोनों पुत्रियों के अपहरण करने की आशंका जताते हुए उनकी बरामदगी करने की मांग की है। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।