ढबारसी। स्कूल आने जाने के लिए छात्र जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं। इन्हें बसों की छतों और जाल पर लटकते हुए देखा जा सकता है। लापरवाही के कारण कभी भी छात्रो के साथ हादसा हो सकता है।
ढबारसी में आसपास के करीब चालीस गांवों से बच्चे शिक्षा ग्रहण करने करने के लिए आते हैं। ढबारसी में एक डिग्री कालेज, चार इन्टर कालेज, एक सीबीएससी बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूल, लगभग एक दर्जन से अधिक जूनियर हाईस्कूल स्कूल हैं। इन स्कूल कालेज में क्षेत्र के चालीस गांवों के लगभग दस हजार छात्र छात्राएं प्रतिदिन आते जाते हैं। छात्र आदमपुर उझारी मार्ग पर चलने वाली प्राइवेट बसों की छतों पर बैठ कर और बस के जाल पर लटक कर खतरनाक तरीके से यात्रा कर रहे हैं। बस की छत पर खड़े छात्रों के सडक को पार करने वाली हाइटेंशन विद्युत लाइन से टकराने का भय बना रहता है। उधर बस संचालकों का कहना है कि बस के चालक और परिचालक बस की छत और जाल पर लटकने को मना करते हैं तो छात्र और उनके अभिभावक मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। थाना प्रभारी आरपी शर्मा का कहना है कि शीघ्र ही समस्त कालेजों के प्रधानाचार्यों और बस संचालकों की बैठक बुलाकर बसों की छत पर यात्रा नहीं करने की हिदायत दी जाएगी। एक बार समझाने पर नहीं माने तो कार्रवाई की जाएगी।