मंडावली/नजीबाबाद। आदित्य गैंग के सक्रिय सदस्य रोहन कुमार के घर पर धामपुर पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किया। धामपुर क्षेत्र में शराब के दो सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करने और मंडावली क्षेत्र में लूट की तीन घटनाओं को अंजाम देने के मामले रोहन के खिलाफ थानों में दर्ज हैं।
धामपुर थाने के एसआई कुमरेश त्यागी और मंडावली के एसआई रामवीर सिंह, अजेंद्र सिंह, साहब सिंह सोमवार अपराह्न क्षेत्र के गांव करौली पहुंचे। वहां मुनादी कराते हुए धामपुर और मंडावली पुलिस ने संयुक्त रूप से रोहन कुमार के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा किया। पुलिस के अनुसार रोहन कुमार आदित्य गैंग का सक्रिय सदस्य है। धामपुर थाने के एसआई कुमरेश त्यागी ने बताया कि धामपुरा थाना क्षेत्र के सरकड़ा में रोहन कुमार ने शराब के दो सेल्समैन स्योहारा के काजीपुरा निवासी अनिल कुमार और धामपुर के सरकथल निवासी पुखराज पर जानलेवा हमला कर उनसे 14 हजार रुपये की नगदी लूटी थी।
मंडावली थाने के एसआई रामवीर सिंह ने बताया कि रोहन ने नेशनल हाईवे पर गांव मोहनपुर में स्थित डवास फ्यूल प्वाइंट के कर्मचारी पर हमला कर एक लाख रुपये से अधिक की नगदी लूटी थी। इसके अलावा वह मंडावली-मुअज्जमपुर मार्ग पर एक बैंक के अधिकारी से लूटपाट और मंडावली-गदायिका मार्ग पर बाइक लूट में शामिल रहा है। गौरतलब है कि बिजनौर पुलिस को लंबे समय तक छकाने के बाद हाल ही में आदित्य और उसके एक साथी ने बिजनौर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।