तमंचे और हथियार बनाने का सामान बरामद
नजीबाबाद (बिजनौर) (ब्यूरो)। अवैध हथियार बनाने की पुलिस ने एक फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन तमंचों सहित हथियार बनाने का सामान बरामद किया है।
हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़े अभी दो वर्ष भी नहीं बीते हैं कि नजीबाबाद में और हथियार बनाने का मामला पकड़ा गया है। सूचना पर पुलिस ने श्रवणपुर नहर के निकट कोतवाली मार्ग पर गंगा खांडसारी उद्योग के सामने एक खंडहर में अवैध हथियार बनाते तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 32 बोर, 315 बोर व 12 बोर के तीन तमंचे, दो अधबने तमंचे, तमंचे बनाने का सामान एवं उपकरण, कई कारतूस बरामद किए। बताया जाता है कि पिछले काफी समय से तीनों युवक हथियारों के अवैध कारोबार में लगे थे।
थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार सूचना मिलने पर एसआई सतेंद्र भड़ाना, सतेंद्र सिंह, मोनू ढाका, शाने आलम, राहुल व नीरज मलिक ने दबिश दी। दबिश के दौरान अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में मोहल्ला कस्बा नगीना निवासी संतराम, शाहपुर उर्फ खैरुल्लापुर निवासी मुकीम, बिलासपुर मंडावर निवासी रामेंद्र शामिल हैं। दो वर्ष पूर्व पुलिस ने दरियापुर क्षेत्र में भी हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी थी, जिसमें कई बने व अधबने तमंचे, बंदूक, हथियार बनाने की डाई आदि बरामद की थी। एक आरोपी को भी मौके से हिरासत में लिया था।
पुलिस ने पकड़ी हथियार बनाने की फैक्ट्री