पिता ने ही किया था आमिर का कत्ल
बिजनौर। गांव ऊमरी में दो माह पूर्व हुई आमिर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी देहात के मुताबिक पिता नवाब ने ही सिर में डंडा मार कर आमिर का कत्ल किया था। काम करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था।
एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव ऊमरी निवासी आमिर 25 सितंबर को लापता हो गया था। पिता नवाब ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 27 सितंबर को आमिर का गांव के ही राहत अली के खेत से शव मिला था। मगर, पिता नवाब ने शव की शनाख्त नहीं की थी। लावारिस में शव को दफना दिया गया था। बाद में पता चला कि खेत से मिला शव आमिर का था। एक अक्तूबर को इस घटना को जानलेवा हमले में तरमीम करके पुलिस ने इस मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने कई लोगों से आमिर के बारे में मालूम किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने पिता नवाब को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने राज उगल दिया। बताया कि आमिर को उसने काम करने को कहा था। मगर, आमिर ने काम करने से मना कर दिया। इससे उत्तेजित हो कर उसने आमिर को थप्पड़ जड़ दिया। इससे नाराज हो कर आमिर घर से जंगल की ओर चला गया। रास्ते में दोनों में एक बार फिर बहस हो गई। इसी दौरान नवाब ने आमिर के सिर में डंडा मार दिया और घर आ गया। चोट लगने के कारण आमिर राहत अली के खेत में बेहोश होकर गिर गया और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। एसपी देहात के मुताबिक नवाब ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि बेटे की हत्या उसने ही की थी। पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया गया है।