छेड़छाड़ के आरोपी ने छात्रा के पिता को पीटा
गंज दारागनर। छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले गैर समुदाय के मनचले को छात्रा के परिजनों ने छेड़छाड़ के दौरान दबोच लिया। मनचला अपने साथियों के साथ परिजनों के साथ मारपीट करके फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस चौकी में घटना की तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गंज क्षेत्र के एक गांव की छात्रा गांव से पांच किलोमीटर दूर स्थित एक इंटर कॉलेज में साइकिल से पढ़ने जाती है। रास्ते में छात्रा से गांव भोगनवाला का एक गैर समुदाय का लड़का छेड़छाड़ करता है। छात्रा ने यह बात अपने परिजनों को भी बता रखी है। मंगलवार दोपहर स्कूल से लौटते समय छात्रा के साथ युवक ने फिर से छेड़छाड़ की। छात्रा ने अपने घर जा कर परिजनों को युवक की हरकतों के बारे में बताया। बुधवार सुबह को छात्रा अपने परिजनों के साथ स्कूल जा रही थी। आरोपी ने छात्रा के साथ फिर से छेड़छाड़ कर दी। छात्रा ने युवक को पकड़ लिया और अपने परिजनों को सौंप दिया। आरोपी और उसके दो साथियों ने छात्रा के पिता को बुरी तरह से पीटा और फरार हो गए। हिंदू युवा वाहिनी के एक स्थानीय नेता के साथ परिजन गंज पुलिस चौकी पहुंचे और तीनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में जुटी है।