हसनपुर। बुधवार को दिनदहाड़े लूटपाट के दौरान हुई महिला प्रवक्ता की वृद्घ मां की मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं खुल सका है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है। विसरा की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। परिजन हत्या बता रहे हैं। जबकि पुलिस फिसलकर गिरने से वृद्घ की मौत होना मान रही है। फिलहाल पुलिस लूट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रह है।
बुधवार को नगर के मोहल्ला राजपूत कालोनी स्थित घर में गंगेश्वरी के ग्रामोदय इंटर कालेज की प्रवक्ता प्रतिमा त्यागी की 83 वर्षीय मां सरेश त्यागी का शव हैंडपंप के चबूतरे पर पड़ा मिला था। प्रतिमा त्यागी के मुताबिक ठोड़ी और कोहनी पर चोटों के निशान थे। जबकि घर की अलमारी से बीस हजार की नकली के अलावा लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गयाब थे। परिजनों ने लूटपाट के दौरान वृद्घ की हत्या करने का आरोप लगाकर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वहीं तहरीर के आधार पर लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। दो डॉक्टरों के पैनल की मौजूदगी में देर रात तक चले पोस्टमार्टम में वृद्घा की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद विसरा सुरक्षित रखा गया है। एसपी सुधीर कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कोई कारण स्पष्ट नहीं है। अगर हत्या हुई होती तो पोस्टमार्टम में जरूर आता। इसलिए वृद्घ की मौत फिसलकर गिरने से हुई है। हालांकि विसरा रिपोर्ट आने पर और स्पष्ट हो जाएगा।