बदमाशों को गैंग से जोड़ने में जुटा है आदित्य
बिजनौर। पुलिस के लिए चुनौती बने एक लाख का इनामी बदमाश आदित्य अब अपने गैंग में नए सदस्यों को शामिल करने में जुट गया है। आदित्य जेल से बाहर आए बदमाशों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर अपने गैंग से जोड़ने में लगा है। पुलिस भी ऐसे बदमाशों पर नजर बनाए हुए है।
स्योहारा थाने के गांव रानानंगला निवासी एक लाख के इनामी बदमाश आदित्य ने पुलिस की नींद उड़ा रखी है। आदित्य का दायां हाथ गांव चंचलपुर निवासी विशाल और अन्य साथी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। आदित्य अपने साथी 20 हजार के इनामी बदमाश गांव स्वाहेड़ी निवासी रोहित के साथ फरार है। पुलिस ने कई बार आदित्य को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस के साथ एसटीएफ भी आदित्य की तलाश में जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दबाव बढ़ता देख आदित्य उत्तराखंड में जा छिपा है। वहां उसने अपने नए ठिकाने बना लिए हैं। आदित्य ने बिजनौर, मुरादाबाद जेल में रहने के दौरान कई बदमाशों से अच्छी दोस्ती कर ली थी। जेल में ही आदित्य बदमाशों के साथ अपराध करने के प्लान भी बनाता था, लेकिन इस वक्त उसका गैंग टूट चुका है।
हालांकि आदित्य कई बड़े बदमाशों के संपर्क में भी रहा, लेकिन उनके साथ काम करना उसे रास नहीं आ रहा है। आदित्य अपने गैंग का नाम ही ऊंचा करना चाहता है। किसी और गैंग के झंडे के नीचे अपराध करना उसे मंजूर नहीं है। इसलिए आदित्य ने गैंग को बढ़ाने के लिए जेल से जमानत पर आने वाले बदमाशों पर डोरे डालने शुरू कर दिए हैं। ऐसे बदमाशों को किसी न किसी माध्यम से आदित्य अपने गैंग से जोड़ना चाहता है। बिजनौर शहर के एक बदमाश पर भी आदित्य ने खूब डोरे डाले। पुलिस को जब आदित्य की इन हरकतों की भनक लगी तो पुलिस चौकन्नी हो गई है। पुलिस जेल से बाहर आने वाले हर बदमाश की गतिविधि पर नजर रख रही है। आदित्य और उससे जुड़े लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। एसपी प्रभाकर चौधरी के मुताबिक आदित्य जेल से छूटे बदमाशों को अपने गैंग से जोड़ने की कोशिश में जुटा है, पुलिस उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रही है।