पेड़ से कार टकराई, सेल्समैन की मौत
नहटौर। सेल्समैन की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में घुसने के बाद पेड़ से टकराई। एंबुलेंस और पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। राहगीरों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के लिए ले जाते हुए रास्ते में उसकी मौत हो गई।
नगीना थाना क्षेत्र के गांव नियामतपुरा निवासी मुनेंद्र 27 वर्ष कॉस्मेटिक का सामान सप्लाई करने का काम करता था। वह कोतवाली देहात से फुलसंदा में सामान देने कार से आ रहा था। फुलसंदा के पास एक वाहन से बचाने के दौरान उसकी कार सड़क किनारे एक खाई में घुसकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, सेल्समैन गंभीर हालत में कार में ही तड़पता रहा। अरोप है कि सूचना के करीब एक घंटे तक एंबुलेंस और पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। राहगीरों ने उसे कार से निकालकर कोतवाली देहात सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बिजनौर रैफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। सेल्समैन की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।