माड़ी के जंगल में पड़ा मिला अधेड़ का शव
हीमपुर दीपा। गांव माड़ी के जंगल में गांव के ही एक अधेड़ का शव पड़ा मिला। इससे सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार नौ मार्च को मृतक की बेटी की शादी है। व्यक्ति की मौत से शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव माड़ी के जंगल में शुक्रवार को एक अधेड़ का शव पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार उसकी शिनाख्त गांव के ही महेंद्र सिंह वाल्मीकि (50) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि महेंद्र सिंह काफी दिनों से बीमार चल रहा था। बृहस्पतिवार की दोपहर को घर से पास के ही गांव के चिकित्सक से दवाई लेने के लिए गया था। शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने महेंद्र सिंह की तलाश शुरु की। काफी तलाश करने पर भी महेंद्र सिंह का कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार की शाम को महेंद्र सिंह का शव गांव से उलेढ़ा गांव को जाने वाले रास्ते पर भूरे सिंह के खेत मेें देवता स्थल के पास पड़ा मिला। जंगल में शव पड़े होने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों के अनुसार मृतक के दो बच्चे हैं। महेंद्र की बड़ी लड़की की नौ मार्च की शादी है, सब तैयारी धरी की धरी रह गई। मृतक मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने परिजनों द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई न किए जाने पर शव को परिजनों को सौंप दिया।